नगर निगम इंदौर ने शहर के नामकरण कामों के अंतर्गत रविवार को एक महत्वपूर्ण फैसले को मूर्त रूप दिया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मयंक ब्लू वाटर पार्क से अरावली परिसर की ओर जाने वाले रास्ते का नामकरण “स्वदेशी मार्ग” तथा रास्ते पर स्थित प्रमुख चौराहे का नामकरण “स्व. राजीव भाई दीक्षित चौराहा” के रूप में किया। स्व. राजीव भाई दीक्षित, जो स्वदेशी एवं भारतीयता की विचारधारा के प्रखर प्रवक्ता रहे हैं, उनके सम्मान में रास्ते और चौराहे का नामकरण करने की मांग अध्यक्ष, संस्था विश्वम् सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा की गई थी। इस प्रस्ताव पर विचार करते हुए मेयर इन काउंसिल द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति दी थी, जिसके बाद रविवार को महापौर ने औपचारिक रूप से यह घोषणा की। महापौर ने कहा कि इंदौर शहर सदैव महान व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मान देता आया है। स्वदेशी भावना को जन-जन तक पहुंचाने में स्व. राजीव भाई दीक्षित का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके नाम पर रास्ता और चौराहे का नामकरण किया जाना उनके प्रति हमारी कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है। नामकरण के बाद रहवासियों और सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत किया। इस मौके पर नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं रहवासी मौजूद थे।


