भास्कर न्यूज | धमतरी राजधानी रायपुर से नरहरा वाटरफॉल घूमने पहुंचा एक युवक गहरे पानी में डूब गया। इससे यहां घूमने आए सैलानियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन को सूचना देने के बाद तत्काल गोताखोरों की टीम सर्च आपरेशन में जुट गए। देर शाम तक खोजबीन करते रहे, लेकिन युवक का कहीं पता नहीं चला, जिसके बाद सोमवार को सुबह पुन: खोजबीन किया जाएगा। मगरलोड थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत शुक्ला ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब एक बजे की है। रायपुर कोटा निवासी तोरण नायक अपने दोस्तों के साथ नरहरा वाटरफॉल घूमने आया था। तोरण अपने दोस्तों के साथ नहा रहा था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह करीब 20 फीट नीचे स्थित गहरे खाई में गिर गया। इसके बाद से वह लापता हो गया। सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। देर शाम तक लापता युवक की खोजबीन जारी रही, लेकिन वह नहीं मिला। शाम होने के कारण अंधेरा बढ़ने के बाद सुरक्षा कारणों से सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। लापता युवक।


