भास्कर न्यूज | कोंडागांव संकुल केंद्र बुनागांव में दो दिवसीय संकुल स्तरीय शारीरिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में संकुल के 5 प्राथमिक और 3 माध्यमिक विद्यालयों के सैकड़ों बच्चों ने भाग लेते हुए विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच छबिलाल नेताम ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और बेहतर खेल भावना के लिए सभी प्रतिभागियों की सराहना की। प्रतियोगिता में 100 व 200 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले रेस, घड़ा दौड़, आलू दौड़, बोरा दौड़, सुरीली कुर्सी, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी, व्हॉलीबॉल सहित सामान्य ज्ञान, रंगोली व चित्रकला जैसी विविध स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर प्राथमिक स्तर पर जनपद प्राथमिक शाला बुनागांव, माध्यमिक स्तर पर माध्यमिक शाला बुनागांव ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। विजेताओं को ग्राम पंचायत और शिक्षकों के सहयोग से पुरस्कृत किया गया। संकुल प्राचार्य मिनी डेनियल द्वारा चैंपियन टीम को 1500 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।


