भास्कर न्यूज | रायगढ़ जिंदल फाउंडेशन द्वारा 29 नवंबर, शनिवार को ग्राम बरमुडा में निशुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फोर्टिस-ओपी जिंदल अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाइयों का वितरण किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस शिविर का लाभ उठाया। जिंदल स्टील लिमिटेड की सीएसआर इकाई जिंदल फाउंडेशन द्वारा मौसमी बीमारियों से हो रही परेशानियों के निदान के लिए संयंत्र के आसपास स्थित सभी गांवों में लगातार निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 43 अंतर्गत ग्राम बरमुडा में आयोजित शिविर में जनरल फिजिशियन, महिला रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। पैरामेडिकल स्टाफ और पूरी टीम भी मौजूद रही। सीएसआर टीम ने शिविर की तैयारी कर ग्रामीणों को पूर्व सूचना दी थी। सुबह से ही ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो गया और पूरे दिन शिविर जारी रहा। दर्जनों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं।


