इंदौर में दोस्त की बारात में रविवार युवक को अचानक घबराहट हुई। वह डीजे की गाड़ी में बैठ गया। हालत बिगड़ने पर दोस्त उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने एमवाय रेफर कर दिया। रात में युवक की मौत हो गई। हीरानगर पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र (35), पुत्र संतोष सूर्यवंशी निवासी बाणगंगा, अपने दो अन्य दोस्तों के साथ एक दोस्त की शादी में शामिल होने रविवार को चौकसे धर्मशाला पहुंचे थे। अचानक उसे घबराहट महसूस हुई, तो वह डीजे की गाड़ी में बैठ गया। इसके बाद उसे अत्यधिक पसीना आने लगा। दोस्तों ने उसे निहार अस्पताल ले जाया। अस्पताल में ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे एमवाय रेफर कर दिया। करीब आधे घंटे बाद जब दोस्त एमवाय पहुंचे, तो जितेन्द्र बेसुध हो गया। डॉक्टरों ने उसे सीपीआर दी और हार्टबीट जांची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। जितेन्द्र चेयर बनाने का काम करता था। उसके परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और पत्नी हैं।


