उज्जैन में एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गई। ठंड में ठिठुर रहे दोनों बच्चों को राहगीरों की सूचना पर देवासगेट थाना पुलिस अपने साथ थाने ले आई। वहां स्टाफ ने बच्चों के लिए गर्म कपड़े मंगाए और खाने-पीने की व्यवस्था की। थाने में मौजूद बच्चे बार-बार अपनी मां को याद करते रहे। सोमवार सुबह करीब सात बजे कुछ राहगीरों ने पुलिस को बताया कि दो छोटे बच्चे कम्बल में लिपटे सड़क किनारे सो रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ में मालूम हुआ कि रातभर मां बच्चों के साथ थी, लेकिन सुबह उन्हें वहीं छोड़कर कहीं चली गई। थाने पहुंचने के बाद बच्चों की पूरी देखभाल की गई और उन्हें नए गर्म कपड़े पहनाए गए। थाना परिसर में दोनों बच्चे चॉकलेट और नए कपड़े मिलने पर खुश दिखे। इस दौरान जब 4 साल के कान्हा से पूछा गया कि वह कहां रहता है और उसकी मां कहां गई है, तो उसने मासूमियत से जवाब दिया और कहा मम्मी के पास रहता हूं…और मम्मी शराब लेने गई है। सीसीटीवी से तलाशेगी पुलिस थाना प्रभारी अनिल पराशर ने बताया कि महिला अपने 4 साल के बेटे कान्हा और 3 साल की बेटी काली को सड़क किनारे छोड़कर चली गई। बच्चों को रोता देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। देवासगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों को थाने ले आई। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महिला की पहचान और लोकेशन पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल दोनों बच्चों को CWC के सुपुर्द किया जा रहा है। महिला ने अपने बच्चों को क्यों छोड़ा, इसका कारण पता लगाया जा रहा है।


