धम्बोला थाना पुलिस ने धंबोला पावर हाउस के पास शराब से भरे एक लोडिंग टेंपो को पकड़ा है। पुलिस ने टेंपो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सब्जियों के कैरेट की आड़ में शराब की तस्करी कर रहा था। वहीं, टेंपो से डेढ़ लाख रुपए की शराब बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। धंबोला थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान बताया कि मुखबिर के जरिए शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस की ओर से धम्बोला पावर हाउस के पास नाकेबंदी शुरू की गई। इस दौरान एक लोडिंग टेंपो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। टेंपो में सब्जी के कैरेट की आड़ में शराब भरी हुई थी। शराब परिवहन के बारे में कोई दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने टेंपो को जब्त किया। वहीं, आबकारी अधिनियम में उदयपुर जिला निवासी आरोपी ड्राइवर भैरूलाल पुत्र मोहनलाल खटीक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने टेंपो से शराब के 38 कार्टन जब्त किए हैं। जब्त शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी उदयपुर से शराब भरकर गुजरात तस्करी करने ले जा रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


