श्योपुर में जिला पंचायत सदस्य गीताबाई के देवर राकेश चौहान और उनके ड्राइवर रोशन गुर्जर पर देर रात नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने कट्टे की नोक पर लूटपाट की और गाड़ी में तोड़फोड़ की। इस घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। राकेश चौहान श्योपुर से लौट रहे थे, तभी नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। हमलावरों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और ड्राइवर रोशन गुर्जर की कनपटी पर देसी कट्टा अड़ाकर उनका मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने न केवल गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया, बल्कि वारदात के बाद कराहल स्थित जिला पंचायत सदस्य गीताबाई के देवर के निवास तक भी पहुंच गए। इस घटना से पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। हमला राजनीति से गतिविधियों से जुड़ा पीड़ित राकेश चौहान ने आशंका जताई है कि यह हमला जिला पंचायत में चल रही राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर खींचतान जारी है और गीताबाई का नाम अध्यक्ष पद के लिए एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। पुलिस हमलावरों जल्द पकड़ेंगे कोतवाली टीआई सतीश चौहान ने बताया पीड़ित पक्ष ने श्योपुर कोतवाली थाने में हमले और लूट की शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस जल्द ही हमलावरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


