सीहोर जिले के बरखेड़ा हसन में लोगों ने एक घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सोमवार को ग्रामीण विद्युत वितरण कंपनी के लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर्स का विरोध कर रहे थे। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। लोगों ने बताया कि स्मार्ट मीटर्स जिन घरों में लगे थे, उनके बिल अधिक आ रहे हैं। इसलिए इसके खिलाफ स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बरखेड़ा हसन के ग्रामीणों ने बस स्टैंड से मुख्य मार्ग होते हुए पैदल रैली निकाली और सड़क पर बैठकर अपना विरोध जताया। बिजली कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे सूचना मिलने पर अहमदपुर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि विद्युत विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर बात करे। ग्रामीणों का बढ़ता विरोध देखकर अहमदपुर विद्युत केंद्र के प्रभारी जे.ई. शिवराम मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जे.ई. शिवराम को स्मार्ट मीटर न लगाने को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा। चक्का जाम के दौरान ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारे लगाए।


