मंदसौर में कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक विभागीय समीक्षा बैठक की गई। इसमें कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को क्षेत्रवार निरंतर निगरानी करने और बीएलओ से लक्ष्य के अनुसार कार्य करवाने को कहा। जमीन आवंटन से जुड़े केसों पर चर्चा कलेक्टर ने सभी जिलाधिकारियों को साप्ताहिक बैठक के पालन रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश भी दिए। जमीन आवंटन से जुड़े केसों पर चर्चा करते हुए उन्होंने ऐसे मामलों को प्राथमिकता देकर समय सीमा में कार्रवाई तय करने को कहा। सिविलवाद से जुड़े लंबित मामलों में हाई कोर्ट में समय पर जवाब पेश करना अनिवार्य बताया गया। कोई भी पेंशन केस पेंडिंग न रहे पेंशन मामलों में गंभीरता से काम करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि कोई भी पेंशन केस लंबित नहीं रहना चाहिए। मॉडल रोड निर्माण की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, जहां-जहां अतिक्रमण हैं, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई करने के लिए भी कहा। विद्युत विभाग को घंटाघर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग को शेष राजस्व गांवों में लंबित सर्वे कार्य तुरंत पूरे करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, पशुपालन विभाग को जिले की गोशालाओं का सर्वे तेजी से पूरा कर समग्र रिपोर्ट पेश करने को कहा गया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


