बूंदी सदर थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो मास्टरमाइंड अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की गई एक इको कार भी बरामद की है। यह कार्रवाई बूंदी पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) ने बताया कि 19 जनवरी 2024 को सदर थाना क्षेत्र की न्यू मानसरोवर कॉलोनी, चित्तौड़ रोड, बूंदी से एक इको कार चोरी हो गई थी। इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। मामले की जांच के लिए गठित पुलिस टीमों ने शहर और हाईवे पर लगभग 50-60 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चोरी के घटनास्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया था। जिला पुलिस अधीक्षक बूंदी ने संपत्ति संबंधी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने, अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और चोरी हुए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बूंदी उमा शर्मा के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी बूंदी अरुण कुमार मिश्रा के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी रमेश आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।


