सरगुजा जिले के कुम्हर्ता गांव में पांच दिनों पूर्व युवक का शव कुएं में मिलने के मामले का खुलासा कर दिया है। युवक की मौत शिकार के लिए फैलाए गए हाई वोल्टेज के खुले तार की चपेट में आने से हुई थी। करंट फैलाने वालों ने युवक के शव को 500 मीटर दूर कुएं में फेंक दिया था। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कुम्हर्ता निवासी हरेंद्र सिंह (27 वर्ष) का शव 25 नवंबर को गांव के अनुपयोगी कुएं में मिला था। हरेंद्र सिंह रविवार को बच्चो के साथ 23 नवंबर रविवार को बच्चों के साथ चार पहिया वाहन से मैनपाट गया था। गांव पहुंचने के बाद हरेंद्र सिंह गांव में ही चौक के पास गाड़ी से उतर गया। गाड़ी का ड्रायवर बच्चों को लेकर घर चला गया था। शव में मिले करंट लगाने के निशान, जांच में खुलासा
लापता हरेंद्र सिंह की तलाश परिजन कर रहे थे। दो दिनों बाद ग्रामीणों ने मंगलवार शाम शव को कुएं में पड़ा देखा एवं सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। फारेंसिक जांच में शव में जलने के निशान मिले। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हरेंद्र सिंह की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने गांव में पूछताछ की तो पता चला कि गांव के ही बुधवार सिंह एवं अन्य लोगों ने जंगली सूअर के शिकार के लिए खेत के किनारे जीआई तार फैलाकर उसे हाई टेंशन लाइन से जोड़ दिया था। पुलिस ने मामले की जांच के लिए बुधवार सिंह सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया। करंट लगने से हुई मौत, शव को कुएं में फेंका
पूछताछ में बुधवार सिंह ने बताया कि उसने अपने साथी बलराम सिंह एवं मदन सिंह के साथ सूअर का शिकार करने के लिए तार बिछाया था। तार को पास से गुजरे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन लाइन से जोड़ दिया था। रात करीब 8.30 बजे हलचल होने पर वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि तरंगित कार की चपेट में आकर हरेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। उन्होंने शव को करीब 500 मीटर दूर कुएं में फेंक दिया एवं डर से जीआई तार को निकाल दिया था। पुलिस ने मामले में बुधवार सिंह (65 वर्ष), मदन सिंह (50 वर्ष) एवं बलराम सिंह (55 वर्ष), तीनों निवासी कुमहर्ता थाना दरिमा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 105, 238, 3(5) BNS एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दरिमा पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


