खैरथल-तिजारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्तमान सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करना था। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने इस अवसर पर आयोजित होने वाली 15 दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के सफल और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से इन गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए सभी तैयारियां पुख्ता करने को कहा। इन कार्यक्रमों के तहत जिले में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत मंदिरों और स्मारकों की साफ-सफाई करवाई जाएगी। साथ ही, 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रक्तदान शिविरों और आरोग्य कैंपों का आयोजन भी किया जाएगा। मिशन लाइफ के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक, ई-वेस्ट प्रबंधन और सॉलिड वेस्ट प्रबंधन पर समस्त जिलों में पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान पर्यावरण सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालेगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न दिवसों पर महिला सम्मेलन, किसान सम्मेलन, रन फॉर विकसित राजस्थान, युवा-रोजगार दिवस, पर्यावरण संरक्षण अभियान, पर्यटन कॉन्क्लेव और सुशासन दिवस का आयोजन भी शामिल है। इस दौरान रोजगार नीति, खेल नीति, पर्यटन नीति और फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति जैसी महत्वपूर्ण नीतियों का विमोचन भी किया जाएगा। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला विकास पुस्तिका का प्रकाशन और एक प्रदर्शनी का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसके लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने विभाग की योजनाओं की प्रगति और विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समय पर निस्तारण और एवरेज डिस्पोजल टाइम में सुधार लाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने विभागवार पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए 30 दिवस से अधिक लंबित परिवादों को तुरंत निस्तारित करने के आदेश दिए।


