भास्कर न्यूज|गुमला सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने पुलिस ने गांधीवादी तरीका अपनाया है। शनिवार को पटेल चौक के सामने बिना हेलमेट लगाए चालकों और बिना सीट बेल्ट पहने लोगों को दिया गुलाब का फूल दिया। वहीं माला देकर यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार गोप, डीएसपी बीरेंद्र टोप्पो, मोटरयान निरीक्षक और सड़क सुरक्षा की टीम ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में जान गंवाने से बेहतर है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें। जब आप घर से बाहर निकलते हैं, तो घरवाले आपके सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहे होते हैं। जीवन बहुमूल्य है। इसे लापरवाही में नहीं गवाएं। 31 जनवरी 2025 तक मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौक चौराहों में जागरूकता अभियान चलाया गया। दो पहिया चालकों से हेलमेट लगाने, ट्रिपल राइडिंग नहीं करने, पिलियन राइडर को भी हेलमेट का प्रयोग करने वहीं चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। सड़क सुरक्षा माह के तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पूरे माह कई जागरूकता कार्यक्रम व कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 70 चालकों और कंडक्टर की नेत्र जांच स्वास्थ्य विभाग ने गुमला बस स्टैंड में नि:शुल्क हेल्थ और नेत्र दृश्यता जांच शिविर का आयोजन किया। जहां भारी संख्या में 70 चालकों और कंडक्टर ने भाग लिया और अपने आंख की जांच करवाई। जांच के दौरान जिन जिन चालकों और कंडक्टर को आंखों में परेशानियां थी, उसकी आंख जांच की गई, ताकि वह स्पष्ट देख सके और सड़क सुरक्षा के नियमों का सही से पालन कर सके। साथ ही सभी ड्राइवर और कंडक्टर को सड़क सुरक्षा संबंधित पंपलेट भी दिया गया।


