भास्कर न्यूज|नवडीहा नवडीहा ओपी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित सरकारी शराब दुकान को चोरों ने निशाना बनाया है। बंद दुकान का ताला तोड़कर लगभग 56,420 रुपए की अंग्रेजी शराब और 13 हजार रुपए नगदी लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना पाकर नवडीहा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटना के संबंध में नवडीहा शराब दुकान प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात दस बजे दुकान के शटर व ग्रील में ताला लगाकर घर चला गया। शनिवार सुबह दस जब शराब दुकान खोलने आए तो ताला टूटा पाया। तुरंत घटना की सूचना कंपनी उत्पाद विभाग गिरिडीह व नवडीहा पुलिस को दी। दुकान में शराब का मिलान करने पर सरकारी पंजी के अनुसार लगभग 56,420 रुपए की अंग्रेजी शराब व रात्रि बिक्री का 13 हजार नगदी गायब पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान में हुए चोरी की जांच की। पीड़ित ने घटना को लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ नवडीहा पुलिस को आवेदन दिया है। पुलिस आवेदन के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें िक िजस सरकारी शराब दुकान में चोरी हुई है, वह छोटकी खरगडीहा-मिर्जागंज मुख्य पथ पर नवडीहा के गांधी चौक पर स्थित है। वहां से स्थानीय नवडीहा ओपी की दूरी भी महज 500 मीटर होगी। केस-1 30 दिसंबर की रात कोदंबरी चौक पर दो ज्वेलरी दुकानों से करीब 33 लाख के जेवरात ले भागे बदमाश हीरोडीह थाना इलाके के कोदंबरी चौक में 30 दिसंबर की रात में चोरों ने वंदना ज्वेलर्स और आरएस ज्वेलर्स को निशाना बनाया। दोनों दुकानों के शटर में लगे ताला को तोड़कर करीब 33 लाख के जेवरात ले भागे। रात में सड़क के किनारे दोनों दुकानों को टारगेट बनाकर घटना को अंजाम दिया, लेकिन रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की नजर उन पर नहीं गई। दोनों चोरी की घटनाओं को भनक दुकानदारों के साथ लोगों को 31 दिसंबर की सुबह में हुई। उसके बाद पुलिस चोरों को पकड़ने में लगी, लेकिन अभी 5 दिन बीत गए , पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।


