ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीनों वार्डनों को सस्पेंड करने के लिए चिट्ठी जारी

भास्कर न्यूज | पंडोरी तरनतारन जेलों में अक्सर देखा गया है कि गैंगस्टरों की ओर से हथियारों के सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की जाती है ताकि उनके आकाओं तक मैसेज पहुंच सके। लेकिन अब वही गैंगस्टर जेलों के बाहर पुलिस वालों की सरकारी रायफल के साथ वीडियो बना सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उनके जहन में पुलिस के प्रति कोई खौफ नहीं है। ऐसा ही एक मामला बुधवार रात तरनतारन के सिविल अस्पताल में उस समय देखने को मिला जब गुरदासपुर से संबंधित गैंगस्टर करनदीप सिंह, जोकि गोइंदवाल जेल में बंद है, को पेट में दर्द होने पर अस्पताल लाया गया। उसकी निगरानी के लिए वार्डन बलविंदर सिंह, अर्शदीप सिंह व अमृत शर्मा की डयूटी लगाई गई लेकिन नशे में धुत तीनों वार्डनों ने इतनी लापरवाही बरती कि वह अपनी सरकारी रायफल वहीं रखकर घूमने चले गए। जिसके बाद उपचाराधीन करनदीप सिंह ने भागने की फिराक में तरनतारन से संबंधित जश्नप्रीत सिंह, तरनप्रीत सिंह व गुरजिंदर सिंह को बुलाया और पुलिस में दहशत फैलाने के लिए पहले उन्होंने सरकारी रायफल से वीडियो बनाई और फिर अपलोड की। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंच गई और मौके पर सभी को रायफल समेत काबू कर लिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गैंगस्टर करनदीप सिंह कुख्यात गैंगस्टर सतनाम सिंह सत्ता व जग्गू भगवान पुरिया के संपर्क में था। करनदीप सिंह के जेल जाने से पहले नूरदी तरनतारन निवासी तरनप्रीत सिंह, जश्नप्रीत सिंह व गुरजिंदर सिंह के संपर्क बने। इन्होंने पहले भी मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया था। इनके खिलाफ गुरदासपुर, बटाला और हरचोवाल में मामले दर्ज हैं। उधर केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब की ओर से तीनों वार्डनों को सस्पेंड करने के लिए चिट्‌ठी जारी कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *