भास्कर न्यूज | अमृतसर घने कोहरे के कारण गिलवाली गेट के पास गुड़ से भरा ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद एक कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार में सो रहा ड्राइवर बाल-बाल बचा। इस हादसे में कार का ज्यादा नुकसान हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर के दौरान ट्रांसफार्मर टूट गया, जिससे आस-पास इलाके की बिजली भी चली गई। घटना शनिवार सुबह तड़कसार 4 बजे की है। बता दें कि होशियारपुर से गुड़ भरकर ट्रक को सिटी मंे लेकर आ रहा था, जब गिलवाली गेट के नजदीक पहुंचा तो मोड़ पर मोड़ते हुए धुंध के कारण ट्रक ट्रांसफार्मर में टकरा गया, जिससे बिजली का ट्रांसफार्मर गिरकर टूट गया। जिसके बाद ट्रक असंतुलन होकर रोड के किनारे खड़ी कार को टक्कर मारते हुए उस पर पलट गया। उस वक्त कार में ड्राइवर सो रहा था, जो बाल-बाल बचा। ट्रक के कंडक्टर मोनू निवासी यूपी ने बताया कि धुंध ज्यादा होने के कारण ट्रांसफार्मर का पता नहीं चला, जिसके बाद ड्राइवर ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


