भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिले के अमरपुर पटेलपारा पंचायत में आंगनबाड़ी सहायिका के चयन को लेकर अनियमितता का मामला सामने आया है। आवेदिका सतरूपा पति सुरेश सिंह ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित आवेदिका सतरूपा (एसटी वर्ग) ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्होंने अपना आवेदन जमा किया था और दावा-आपत्ति के लिए सूचना भी जारी की गई थी। सतरूपा को पूर्व में 35.04 अंक दिए गए थे। उन्होंने दावा-आपत्ति के दौरान निवास, जाति और सामाजिक-आर्थिक जनगणना 2011 सूची संबंधी सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए, जिसकी पावती भी उनके पास है। इसके बावजूद, उनके जमा किए गए दस्तावेजों के आधार पर अंकों में कोई वृद्धि नहीं की गई। सतरूपा ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए उनके द्वारा जमा किए गए सभी दस्तावेज फाइल से गायब कर दिए गए हैं। सतरूपा ने आरोप लगाया कि पटेलपारा आंगनबाड़ी सहायिका पद की अन्य उम्मीदवार प्रमिला देवी (ओबीसी वर्ग) को 38.04 अंक देकर चुन लिया गया है। सतरूपा का कहना है कि प्रमिला देवी से दावा-आपत्ति में किसी भी प्रकार के दस्तावेज की मांग नहीं की गई, बल्कि अधिकारियों ने उम्मीदवार के साथ सांठगांठ कर बिना दस्तावेज सत्यापन के अतिरिक्त 6 अंक दे दिए, जिससे उनका चयन हो गया।


