फुनगा पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे गांजा तस्कर कमलेश मरार को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर 478 किलोग्राम गांजा तस्करी का आरोप है, जिसे मिनरल वाटर के कैरेट के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। यह मामला 2 दिसंबर 2023 का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप में बदरा से अनूपपुर की ओर अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। गांजे को मिनरल वाटर के कैरेट के नीचे बोरियों में छिपाया गया था। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन में बैठे दो व्यक्ति चलती पिकअप से कूदकर भाग निकले। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 15 प्लास्टिक की बोरियों में कुल 478 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 57 लाख 38 हजार 400 रुपए बताई गई है। इस संबंध में फुनगा चौकी में अपराध क्रमांक 500/23, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की लगातार जांच के दौरान, पुलिस को हाल ही में फरार आरोपी के बारे में मुखबिर से सूचना मिली। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी कमलेश मरार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।


