नगर कस्बे का नाम अब आधिकारिक तौर पर बृजनगर होगा। राजस्थान सरकार के राजस्व विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधानसभा चुनावों के दौरान नगर का नाम बदलकर बृजनगर करने का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में राजस्व विभाग के शासन उप सचिव हरिसिंह मीणा की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल को नगर उपखंड कार्यालय और तहसील कार्यालय के नाम में भी परिवर्तन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश के बाद कस्बे के खेड़ली रोड स्थित गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के कार्यालय पर आमजन और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर तथा मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। पिछले महीने ही नगर पंचायत समिति का नाम बदलकर बृजनगर पंचायत किया जा चुका है। गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने इस कार्य के लिए सीएम भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया है।


