किसान का धान कटकर खेत में पड़ा है और उसे बेचने खरीदी केंद्र में कोचिया पहुंच गया। सतर्क एप के माध्यम से गाड़ी ट्रेस हो गई। वजह यह है कि इसके पहले 28 नवंबर को ही उसके द्वारा किसान को धोखे में रखकर 260 क्विंटल धान बेच चुका था। निगरानी के बाद दूसरी बार जब सोमवार को कोचिया धान खरीदी केंद्र में 244 क्विंटल धान लेकर आया तो टीम ने उसे पकड़ा। बताया गया कि किसान के खेत में टीम पहुंची तो वहां फसल कटकर रखा हुआ है। कोचिया के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। मामला राका का है। अवैध धान के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान में राका के फुटकर व्यापारी लालजी सिन्हा के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है। सोमवार को धान खरीदी केंद्र मेढ़ा का औचक निरीक्षण एसडीएम व तहसीलदार ने किया। राका के फुटकर व्यापारी लालजी सिन्हा ने किसान लिखन कंवर निवासी पिपरिया को धोखे में रखकर उनके धान पंजीयन के विरूद्ध 28 नवंबर को 260 क्विंटल धान मेढ़ा सोसाइटी में बेचा था। फिर से सोमवार को 244 क्विंटल धान बेचने आया था। बयान में किसान कंवर ने कहा है कि सिन्हा के द्वारा उसे झूठी जानकारी और प्रलोभन देकर अवैध धान को मेढ़ा खरीदी केंद्र में अवैध तरीके से बेचने के लिए लाया गया था। इससे स्पष्ट है कि सिन्हा के द्वारा बार-बार अवैध रूप से धान बेचने का प्रयास किया जा रहा है। इस वजह से उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। बताया गया कि मामले में लालजी सिन्हा को जेल भेज दिया गया है। कृषि उपज मंडी समिति की टीम के अफसरों ने धान के अवैध व्यापार पर रोकथाम करने व्यापारियों के गोदामों में छापा मारकर दो अलग-अलग स्थानों में कार्रवाई की। गठुला स्थिति फर्म ज्योति पोहा मिल प्रो. विमल गोलछा थोक व्यापारी के यहां 450 कट्टा धान जब्त किया। वहीं लखोली स्थित फर्म राजेन्द्र कुमार जैन एंड कंपनी पोहा मिल प्रो. राजेन्द्र कुमार जैन थोक व्यापारी के यहां 418 कट्टा धान जब्त किया। जांच दल के प्रमुख पंचराम वर्मा मंडी सचिव ने बताया कि कार्रवाई में संदीप कुमार सोनी मंडी निरीक्षक द्वारा कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर धान जब्ती कर संबधित व्यापारियों को सुपुर्द किया। सोमवार को जिले में 23 लाख 89 हजार रुपए का धान जब्त किया गया। फूड अफसर रविंद्र सोनी ने बताया कि कुल आठ प्रकरण में 770 क्विंटल धान की जब्ती की गई है। एक वाहन भी जब्त किया गया है। राजनांदगांव अनुभाग में 390, डोंगरगढ़ अनुभाग में 346 और डोंगरगांव में 34 क्विंटल धान को जब्त किया गया है। इसमें 1927 बोरा धान जब्त करने की कार्रवाई की गई है। जिले में धान खरीदी की शुरुआत से अब तक 5 करोड़ 9 लाख का अवैध धान जब्त किया जा चुका है। कोचियों और अवैध धान के परिवहन पर प्रशासन की कड़ी निगरानी है। वहीं सतर्क एप का भी सार्थक उपयोग किया जा रहा है। इससे गाड़ी ट्रेस हुई और निगरानी से बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गई। धान खरीदी केंद्रों में प्रशासन की कड़ी निगाह है। -जितेंद्र यादव, कलेक्टर


