भारत-माला हाईवे पर दो ट्रेलरों की टक्कर, ड्राइवर की मौत:सरहद बाना का बास के पास नींद की झपकी आने से हुआ हादसा

ओसियां थाना अंतर्गत भारत-माला हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे सरहद बाना का बास के पास दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पीछे चल रहे ट्रेलर के ड्राइवर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर को टक्कर मारी थी। बताया जा रहा है कि पीछे वाले ट्रेलर के ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे उसने नियंत्रण खो दिया और आगे वाले ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक बुद्धाराम पुत्र भागचंद राम, निवासी खंडाली गुड़ामालानी, केबिन में ही फंस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ओसियां थाना से एएसआई सहीराम विशनोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 1033 एम्बुलेंस ड्राइवर भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और एम्बुलेंस टीम ने काफी मशक्कत के बाद फंसे हुए शव को केबिन से बाहर निकाला और ओसियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई। ट्रेलरों के टूटे हिस्से और सड़क पर बिखरे लोहे के पाइपों के कारण यातायात धीमा पड़ गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सड़क से मलबा हटवाया और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे लगवाकर मार्ग को पूरी तरह से सुचारु करवाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *