देवगढ़ दरवाजा स्थित श्री मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आज से कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हो गया। यह आयोजन देवगढ़ दरवाजा कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित मंदिर परिसर में किया जा रहा है। सुबह 11 बजे एमजी रोड स्थित रामकुंड से कलश यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकली यह यात्रा सूरजपोल चौराहा, सदर बाजार, मानक चौक, लोहार गली और देवगढ़ दरवाजा से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। इस यात्रा में सनातन धर्म सेवा समिति के संरक्षक ओमप्रकाश ओझा और सभापति रामकन्या गुर्जर भी उपस्थित रहे। महोत्सव के पहले दिन कलश यात्रा के उपरांत अखंड रामायण पाठ, हिमाद्री स्नान और गणपति स्थापना पूजन संपन्न हुआ। बुधवार, 3 दिसंबर को स्थापित देवी-देवताओं का पूजन, मूर्तियों का अभिषेक और अन्नाधिवास किया जाएगा। गुरुवार, 4 दिसंबर को अग्नि वास हवन, पंच कुंडी यज्ञ और फलाधिवास के कार्यक्रम निर्धारित हैं। शुक्रवार, 5 दिसंबर को स्थापित देवी-देवताओं का पूजन, हवन और जलाधिवास होगा। महोत्सव का समापन शनिवार, 6 दिसंबर 2025 को क्षेत्रपाल पूजन और प्राण प्रतिष्ठा अभिषेक के साथ होगा। प्राण प्रतिष्ठा अभिषेक सुबह 11:45 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक संपन्न होगा।


