केरल के थ्रिसूर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 245.72 ग्राम MDMA ड्रग जब्त किया है। यह कार्रवाई मंगलवार सुबह की गई। पुलिस के मुताबिक, एक गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की कार में ड्रग तस्करी की जा रही है। इसके बाद थ्रिसूर ग्रामीण पुलिस की DANSAF टीम को कार की तलाश में भेजा गया। टीम ने इरीनजलाकुड़ा के पास तानाव इलाके में कार को रोका। जांच करने पर कार के अंदर बनाए गए एक गुप्त खांचे में भारी मात्रा में MDMA मिला। कार चला रहा युवक फैहद (32), जो कोडुंगलूर का रहने वाला है, को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आज की बाकी बड़ी खबरें… बंगाल की खाड़ी में 4.2 तीव्रता का भूकंप, सुबह 7:26 बजे झटका महसूस हुआ नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार आज सुबह 7:26 बजे बंगाल की खाड़ी में 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर होने के कारण तटीय इलाकों में किसी बड़े नुकसान या खतरे की सूचना नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के झटके समुद्री क्षेत्र में आम हैं और अक्सर जमीन तक इनका प्रभाव नहीं पहुंचता। फिलहाल किसी भी राज्य में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। NCS लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे की जानकारी जारी करेगा। चेन्नई मेट्रो में तकनीकी खराबी- सबवे में ट्रेन फंसी, यात्रियों को सुरंग में 500 मीटर पैदल चलना पड़ा चेन्नई में मंगलवार की सुबह ब्लू लाइन मेट्रो में बड़ी तकनीकी खराबी देखने को मिली। विम्को नगर डिपो की ओर जाने वाली ट्रेन सेंट्रल मेट्रो और हाई कोर्ट स्टेशन के बीच अचानक सबवे में फंस गई। ट्रेन में सवार यात्रियों ने बिजली गुल होने की शिकायत भी की। ट्रेन रुकने के बाद अंदर मौजूद लोग हैंडरेल पकड़कर बाहर झांकते नजर आए, समझने की कोशिश करते हुए कि आखिर क्या हुआ। करीब 10 मिनट तक फंसे रहने के बाद मेट्रो प्रशासन की तरफ से घोषणा हुई कि सभी यात्रियों को पैदल चलते हुए हाई कोर्ट स्टेशन जाना होगा, जो करीब 500 मीटर दूर है। इस दौरान यात्रियों को ट्रैक पर उतरकर सुरंग के भीतर पैदल चलना पड़ा। चेन्नई मेट्रो की ब्लू लाइन विम्को नगर डिपो–चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट में हुई इस तकनीकी गड़बड़ी से ऑफिस टाइम से पहले ही लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। विशाखापत्तनम में देश का सबसे लंबा ग्लास स्काइवॉक ब्रिज लोगों के लिए खुला; 250kmph रफ्तार की हवा भी झेल सकता है विशाखापत्तनम के कैलासगिरि हिलटॉप पार्क में सोमवार को देश का सबसे लंबा कैंटिलीवर ग्लास स्काइवॉक ब्रिज आम लोगों के लिए खोल दिया गया। यह स्काइवॉक समुद्र तल से करीब 862 फीट (लगभग 262 मीटर) की ऊंचाई पर बना है। यहां से शहर और बंगाल की खाड़ी का नजारा दिखता है। ब्रिज की डिजाइनिंग ऐसी है कि यह 250kmph रफ्तार तक की हवा को भी झेल सकता है। 180.44 फीट लंबे इस ब्रिज पर सुरक्षा के लिए एक बार में 40 लोग ही जा सकते हैं। जबकि इसकी क्षमता 100 से ज्यादा लोगों की है। वियतनाम का 632 मीटर लंबा बाख लांग ब्रिज को दुनिया का सबसे लंबा ग्लास ब्रिज कहा जाता है। कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार ने आज CM सिद्धारमैया को नाश्ते पर बुलाया कर्नाटक में खींचतान के बीच उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सीएम सिद्धारमैया को अपने घर पर मंगलवार काे नाश्ते पर आमंत्रित किया है। शिवकुमार ने कहा, ‘यह मेरे और मुख्यमंत्री के बीच की बात है। हम भाई जैसे हैं।’ शनिवार को शिवकुमार सीएम सिद्धारमैया के घर नाश्ते पर पहुंचे थे। दोनाें नेताओं ने प्रेस काॅन्फ्रेंस में साफ किया था कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं है।


