बैकुंठपुर | बैकुंठपुर में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना ग्राम अमरपुर के पास मेन रोड पर शाम 4 से 5 बजे के बीच हुई। नकटापारा निवासी अवध सिंह शाम को पैदल ही टेंगनी बाजार के लिए निकले थे। शाम लगभग 7 बजे उनके बेटे सुरेंद्र सिंह को मोबाइल पर सूचना मिली कि टेंगनी बाजार से घर लौटते समय अमरपुर मेन रोड स्थित तालाब के पास किसी बाइक चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही सुरेंद्र सिंह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और देखा कि अवध सिंह सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े थे। उनके नाक और चेहरे पर चोटें थीं, और नाक व कान से खून बह रहा था। परिजन तुरंत उन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बैकुंठपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


