जिले की सागवाड़ा थाना पुलिस ने सागवाड़ा नगर में होटल संतोष में वैश्यावृत्ति के मामले में फरार चल रहे होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 12 दिन से फरार चल रहा था। पुलिस ने पूर्व में होटल में वैश्यावृत्ति करते हुए 5 महिलाओं व एक मैनेजर को गिरफ्तार किया था। डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाने के सीआई मदनलाल खटिक ने बताया कि 20 नवम्बर को पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में डीएसटी व सागवाड़ा थाना पुलिस ने सागवाड़ा नगर में होटल संतोष पर कार्रवाई की थी। इस दौरान टीम ने बोगस ग्राहक बनाकर होटल में वैश्यावृत्ति के धंधे का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने होटल से वैश्यावृत्ति करते हुए स्थानीय 5 महिलाओं के साथ एक मैनेजर को भी गिरफ्तार किया था। वहीं, होटल संचालक जोगपुर निवासी भरत पाटीदार फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी होटल संचालक की तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी भरत पाटीदार को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ का रही है।


