कोटपूतली में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवानी सिंह ने राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) द्वारा संचालित मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में आमजन तक कानूनी जानकारियां पहुंचाने का कार्य करेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव डिम्पल जंडैल ने बताया कि इस मोबाइल वैन के माध्यम से नालसा और रालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इनमें आपदा पीड़ितों को कानूनी सहायता, श्रमिकों से संबंधित योजनाएं, बाल मैत्रीपूर्ण योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना 2011 और निःशुल्क विधिक सहायता योजना जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। वैन के जरिए आगामी 21 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी प्रचार किया गया। इसका उद्देश्य आमजन को आपसी समझाइश से अपने मामलों का निस्तारण करने के लिए प्रेरित करना है। मोबाइल वैन ने कोटपूतली मुख्यालय से होते हुए सरूण्ड और नारेहड़ा जैसे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारी मित्र सूरजन ने ग्रामीणों को कानूनी विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर एडीजे प्रथम डॉ. राजेश कुमार, एडीजे तृतीय डॉ. अंजूम खान, एडीजे चतुर्थ डॉ. सुरेश कुमार, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एड. उदयसिंह तंवर और सचिव एड. हेमन्त शर्मा सहित कई न्यायिक अधिकारी-कर्मचारी और अधिवक्तागण उपस्थित रहे।


