हरदा मंडी में मक्का के दाम पर हंगामा:किसान ने सड़क पर खाली की ट्रॉली, 1100 रु. बोली लगने से था नाराज

हरदा जिले की कृषि उपज मंडी में मंगलवार को मक्का के कम दाम मिलने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। नाराज होकर ग्राम अजनास के किसान कपिल विश्वकर्मा ने अपनी मक्का से भरी ट्रॉली को मंडी में बीच सड़क पर ही खाली कर दिया। किसानों ने नीलामी रोककर प्रदर्शन किया और मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। हंगामे को देखते हुए मंडी में पुलिस बुलाई गई है। किसान कपिल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि पहले उनकी मक्का की बोली 1100 रुपए प्रति क्विंटल लगाई गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो व्यापारियों ने उसी ट्रॉली का भाव बढ़ाकर 1250 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। समर्थन मूल्य 2400, मंडी में 700 से शुरू हो रही बोली
किसानों का कहना है कि सरकार मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल तय करने की बात कर रही है, लेकिन हरदा मंडी में बोली 700 रुपए प्रति क्विंटल से शुरू हो रही है। किसानों को औसतन 1000 से 1500 रुपए प्रति क्विंटल का ही भाव मिल रहा है। मंडी प्रशासन और व्यापारियों पर मिलीभगत का आरोप
किसानों ने नीलामी छोड़कर मंडी में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी प्रशासन तथा व्यापारियों की मिलीभगत से उन्हें उपज का कम दाम मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उचित भाव नहीं मिलेगा, उनका विरोध जारी रहेगा। सचिव बोले- उपज में फंगस अधिक है
मंडी सचिव हरनारायण भिलाला ने बताया कि किसानों को उनकी उपज का अच्छा भाव दिलाने के लिए व्यापारियों से कहा गया है। उन्होंने बताया कि जिस किसान ने ट्रॉली खाली की है, उसकी उपज का सैंपल वरिष्ठ अधिकारियों को दिखाया जा रहा है। सचिव के अनुसार, किसान की उपज में फंगस अधिक होने के कारण उसे कम दाम मिला है। 1100 से 1652 रुपए तक बिकी मक्का
सचिव ने जानकारी दी कि मंडी में मक्का 1100 रुपए से 1652 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बिकी है। फिलहाल, दर्जनों किसान मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्यायपूर्ण समर्थन मूल्य की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *