जबलपुर की गढ़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी के वाहन (स्कूटी और मोटर साइकिल) बरामद किए हैं। थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सुपाताल निवासी उमर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उमर ने अपने दो साथियों आशुतोष यादव (निवासी वारासिवनी) और मोहम्मद मुख्तार (निवासी सुपाताल) के नाम उजागर किए। आरोपियों को जेल भेजा जांच के दौरान मोहम्मद मुख्तार के पास से एक स्कूटी और एक पल्सर बाइक बरामद की गई। वहीं आशुतोष यादव के कब्जे से दो मोटर साइकिलें मिलीं। उमर खान की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से पांच वाहन जब्त किए। तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अन्य बाइक चोरी की घटना का भी खुलासा किया। दवाई लेने गए एक युवक की बाइक चोरी हो गई थी। वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई, जिसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान आकाश पिता परसराम पटेल (निवासी मंडला) के रूप में हुई। उसके कब्जे से भी एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।


