सिरसी में महिला ने जहर खाकर दी जान:जेठ-देवर शराब पीकर चिकन-रोटी बनाने का बनाते थे दबाव; बोले- खाना नहीं बनाना तो जहर खा ले

जिले के सिरसी इलाके में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि महिला के जेठ और देवर उसे शराब पीने के बाद मुर्गा (चिकन) और रोटी बनाने के लिए परेशान करते थे। सोमवार शाम भी इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, सिरसी इलाके की रहने वाली रीना बाई (30) की शादी चंदेरा गांव के रहने वाले जयपाल सिंह यादव से हुई थी। जयपाल किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दंपत्ति के तीन बच्चे हैं। सोमवार शाम खाया जहर, रास्ते में तोड़ा दम
सोमवार शाम महिला ने अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके वालों का आरोप- 4 महीने से कर रहे थे परेशान
मंगलवार सुबह महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला का जेठ और देवर उसे पिछले चार महीने से परेशान कर रहे थे। दोनों अक्सर शराब पीकर आते और महिला पर चिकन और रोटी बनाने का दवाब डालते थे। ‘रोटी नहीं बनानी तो जहर खा ले’
परिवार वालों का आरोप है कि सोमवार को भी यही हुआ। जेठ राजाराम और देवर राजवीर ने उस पर रोटी बनाने का दवाब डाला। जब महिला ने मना किया, तो उसे जहर लाकर दे दिया और कहा कि “रोटी नहीं बनाना तो जहर खा ले।” महिला ने गुस्से में जहर खा लिया, जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *