अमृतसर में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों का ऐलान होते ही सियासी पारा तेजी से चढ़ गया है। चुनावी मैदान में सभी पार्टियां सक्रिय हैं, लेकिन अजनाला हलके के रमदास ब्लॉक में सोमवार को आम आदमी पार्टी द्वारा किया गया शक्ति प्रदर्शन राजनीतिक चर्चा का नया केंद्र बन गया। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल की अगुआई में हुई इस बैठक में उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ उमड़ी, जिसने साफ संकेत दे दिए कि गांवों का रुझान किस ओर झुक रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भरोसा और मजबूत किया धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने तीन साल में जितने विकास कार्य किए हैं, उसने ग्रामीण क्षेत्रों में भरोसा और मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में ग्रामीण वोट बैंक पूरी मजबूती से आम आदमी पार्टी के साथ खड़ा दिखाई देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि घर-घर पहुंचना ही जीत की चाबी है, और पार्टी की योजनाओं तथा जमीनी कामों को लोगों तक सटीक तरीके से पहुंचाना ही चुनावी बढ़त दे सकता है। चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का नहीं, व्यवस्था मजबूत करने का अवसर धालीवाल ने यह भी कहा कि ये चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का नहीं बल्कि गांवों में पारदर्शिता, विकास और भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था को मजबूत करने का अवसर हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आम आदमी पार्टी हर गांव को एक “मॉडल गांव” बनाने के लक्ष्य के साथ वोटरों के सामने जाएगी। ग्रामवासियों की भीड़ जुटान को देखते हुए सियासी हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि रमदास क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले ही मजबूत पकड़ बना ली है।


