डीग कलेक्टर उत्सव कौशल ने मंगलवार को राजकीय उप जिला चिकित्सालय, कामां का निरीक्षण किया। उन्होंने यह दौरा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आमजन को राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया। इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं और मानव संसाधन की उपलब्धता का व्यापक मूल्यांकन किया। निरीक्षण की शुरुआत कलेक्टर ने ओपीडी और आईपीडी विंग से की। उन्होंने अस्पताल की सभी इकाइयों का सूक्ष्म अवलोकन किया। रेडियोलॉजी विभाग (एक्स-रे) और ईसीजी कक्ष का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने उपकरणों की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को जांच रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपचार में कोई देरी न हो। स्टॉक रजिस्टर और दवाओं की उपलब्धता का मिलान किया निशुल्क दवा वितरण केंद्र और ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्टॉक रजिस्टर और दवाओं की उपलब्धता का मिलान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना का लाभ प्रत्येक पात्र मरीज को मिले और जीवन रक्षक दवाओं की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कंप्यूटर कक्ष में टीबी मुक्त अभियान और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के डेटा संधारण की स्थिति का भी जायजा लिया। ऑपरेटरों को रियल-टाइम डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर ने चिकित्सालय प्रभारी और उपस्थित चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मानवीय दायित्व है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं में स्टाफ की उपस्थिति रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवाद में मृदुता और संवेदनशीलता बरती जाए, ताकि चिकित्सालय के प्रति जन-विश्वास मजबूत हो।


