नशे के लिए चुराता था बाइक, स्कूटी:सस्ते दामों में आगे बेच देता, पुलिस ने शातिर चोर को पकड़ा, 6 मामले पहले से दर्ज

जोधपुर शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चौहाबोर्ड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं। मामले में आरोपी नरपत प्रजापत निवासी हेमसिंह का कटला, थाना महामंदिर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इससे पहले भी बैग, मोबाइल और वाहन चोरी की कई वारदातों में फरार था। उसके खिलाफ चोरी और मारपीट के आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। बता दें कि 27 नवंबर को शंकर नगर निवासी शोभा व्यास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि वह शुभम मार्ट के सामने सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान उनकी एक्टिवा स्कूटी कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। इस पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने थानाधिकारी ईश्वरचन्द्र पारीक के नेतृत्व में वाहन चोरी के चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नरपत प्रजापत को दस्तयाब किया।पूछताछ में आरोपी ने चौहाबोर्ड थाना क्षेत्र में एक स्कूटी सहित बैग और मोबाइल चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दो चोरी की स्कूटी बरामद की गईं, जिन्हें आरोपी बेचने की फिराक में था। पुलिस ने बताया आरोपी आदतन वाहन चोर है, जो सूखा नशा करता है और जोधपुर के विभिन्न इलाकों से खड़ी बाइकों को निशाना बनाकर सस्ते दामों में बेच देता है। आरोपी से पूछताछ में चोरी की और अन्य वारदातें भी खुलने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *