केंद्रीय महिला और बाल विकास राज्यमंत्री और धार सांसद सावित्री ठाकुर ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। यह मुलाकात लोकसभा सत्र के दौरान हुई, जिसमें उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं, मांगों और चुनौतियों पर चर्चा की। सांसद ठाकुर ने कृषि मंत्री के समक्ष किसानों के भेजे गए सुझावों और ज्ञापनों को दिया। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाओं, मौसम की अनिश्चितता और बाजार व्यवस्था में सुधार न होने के कारण किसानों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं पर की गई चर्चा उन्होंने कृषि मंत्रालय से किसानों को जल्द राहत प्रदान करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। मुलाकात के दौरान सौंपे गए ज्ञापन में फसल नुकसान की भरपाई, सिंचाई सुविधाओं का रखरखाव, ग्रामीण क्षेत्रों में रेगुलर बिजली सप्लाई, गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरकों की उपलब्धता, मंडियों में पारदर्शिता, न्यूनतम समर्थन मूल्य में सुधार, भंडारण क्षमता बढ़ाना और कृषि उपकरणों पर अनुदान जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। सांसद ठाकुर ने यह भी कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और व्यवस्थित बाजारीकरण से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। शिवराज ने कहा- मांगों पर जल्द विचार किया जाएगा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि मंत्रालय किसान हितों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस मुलाकात में सांसद और पूर्व भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, सांसद गजेंद्र पटेल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और सांसद जनार्दन मिश्रा भी उपस्थित थे। बैठक की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।


