उमरिया जिले ने निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले के सभी 613 मतदान केंद्रों पर गणना पत्रकों का 100 प्रतिशत डिजिटाईजेशन समय-सीमा से पहले पूरा कर लिया गया है। इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने वाला उमरिया जिला मध्य प्रदेश में छठे स्थान पर रहा है। यह कार्य 1 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत किया गया। इसमें बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रकों का वितरण और संकलन किया गया। यह अभियान 4 नवंबर से विधानसभा क्षेत्र 89-बांधवगढ़ और 90-मानपुर के कुल 613 मतदान केंद्रों में चलाया गया था। आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा 30 नवंबर 2025 से काफी पहले ही यह कार्य पूरा कर लिया गया। इस प्रक्रिया के तहत विधानसभा 89-बांधवगढ़ के 2,31,021 मतदाताओं और विधानसभा 90-मानपुर के 2,51,908 मतदाताओं, यानी कुल 4,82,929 मतदाताओं के गणना पत्रकों का डिजिटाईजेशन शत-प्रतिशत किया गया। कार्य की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ के सहयोग में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सचिव, पटवारी, ग्राम रोजगार सहायक, आशा कार्यकर्ता और कोटवार जैसे विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को लगाया गया था। नगरीय क्षेत्रों में वार्ड प्रभारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अतिरिक्त, गणना पत्रकों के वितरण और डिजिटाईजेशन के लिए प्रत्येक 10 मतदान केंद्रों पर एक बीएलओ सुपरवाइजर नियुक्त किया गया था। बीएलओ और सुपरवाइजरों के कार्य की निरंतर निगरानी के लिए प्रत्येक तहसील में नायब तहसीलदार को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अपर कलेक्टर अभय सिंह ने मंगलवार को बताया कि एसआईआर का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो गया है और उमरिया जिला प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य में जिले के लगभग 3000 अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।


