झालावाड़ में धाकड़ समाज ने मंगलवार को मिनी सचिवालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन पुलिसकर्मियों पर एक महिला की जमीन जबरन दूसरे को देने और घर में घुसकर दुर्व्यवहार करने के आरोप में कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है। धाकड़ समाज की महिला प्रदेशाध्यक्ष अनसुईया नागर ने धरने का नेतृत्व किया। समाज का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, धरना जारी रहेगा। पीड़ित परिवार के अनुसार, यह मामला लगभग 20 दिन पुराना है। 11 नवंबर को कामखेड़ा पुलिस थाने के कर्मियों ने गुड्डीबाई नामक महिला की खाते-कब्जे की जमीन जबरन दूसरी महिला मनभर को देने का दबाव बनाया था। यह जमीन ग्राम कामखेड़ा में पीड़िता के खाते में दर्ज है। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने गुड्डीबाई की रिश्तेदार विमलाबाई के घर में घुसकर उनके और उनके परिवारजनों के साथ मारपीट की। उन्हें अर्द्धनग्न अवस्था में घर से बाहर खींचकर चौक में पटक-पटक कर पीटा गया। इस मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस को परिवाद भी दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। धाकड़ समाज का आरोप है कि पुलिस प्रार्थीगणों का पूरा सहयोग नहीं कर रही और मनमर्जी से बयान दर्ज कर रही है, जिससे आरोपी पक्ष के हौसले बुलंद हो रहे हैं।


