झालावाड़ डिपो से लंबी दूरी की दो नई बस शुरू:जालोर और अलवर के नारायणपुर तक सीधी सेवा मिलने से यात्रियों को होगी सुविधा

झालावाड़ डिपो ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दो नई बस सेवाएं शुरू की हैं। ये बसें जालोर और अलवर के नारायणपुर तक सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी, जिससे लंबे मार्गों पर यात्रियों को अब तक हो रही परेशानी दूर होगी। रोडवेज मुख्य प्रबंधक पवन कुमार सैनी ने बताया कि इन नई बसों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को लंबी यात्रा में आराम मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर पहले सीधी सेवाएं उपलब्ध नहीं थीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अलवर क्षेत्र के नारायणपुर के लिए बस झालावाड़ से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। यह बस हरिगढ़, पनवाड़, कोटा, जयपुर और शाहपुरा होते हुए नारायणपुर पहुंचेगी। वापसी में यह रात 8:30 बजे नारायणपुर से चलकर झालावाड़ पहुंचेगी। इस सेवा से खानपुर क्षेत्र के हरिगढ़ और आसपास के ग्रामीण यात्रियों को कोटा और जयपुर तक सीधी रोडवेज सेवा मिलेगी। इसी प्रकार दूसरी बस झालावाड़ से जालोर के लिए सुबह 6 बजे रवाना होगी। यह बूंदी, शक्करगढ़, जहाजपुर, शाहपुरा, मसूदा, ब्यावर, सोजत, पाली और साढ़ेराव होते हुए जालोर पहुंचेगी। जालोर से यह बस सुबह 6:15 बजे झालावाड़ के लिए प्रस्थान करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *