खंडवा में किसान की उपज को तय दाम से कम कीमत में खरीदने पर व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मंडी प्रशासन ने मंगलवार को व्यापारी का लाइसेंस रद्द कर दिया। कार्रवाई मंडी व्यापारी मोहनलाल कीया की फर्म ज्योति इंडस्ट्रीज के खिलाफ की गई है। कृषि उपज मंडी खंडवा के सचिव ओपी खेड़े ने बताया कि फर्म ज्योति इंडस्ट्रीज द्वारा कपास की खरीदी के एक मामले में मंडी के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर इनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कृषक भगवान पटेल निवासी टाकलीकला से कपास की खरीदी करते समय फर्म ने मंडी के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए कुल कृषि उपज में से 4.14 क्विंटल कपास को गुणवत्ता संबंधी कमी बताकर मनमाने तरीके से उसके भाव कम किया था। फर्म के द्वारा मंडी प्रशासन को इसका भुगतान पत्रक भी जारी नहीं किया। इस संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच की गई, संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्राप्त किया गया। लेकिन सही जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। मंडी सचिव खेड़े ने कहा कि, मंडी बोर्ड का ध्येय पहले नंबर पर किसान और फिर व्यापारी को प्राथमिकता देना है।


