राजकीय पन्ना देवी कन्या महाविद्यालय, कोटपूतली में कौशल विकास प्रकोष्ठ के तत्वाधान में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में महिंद्रा एंड महिंद्रा और नंदी फाउंडेशन के विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंंगे। महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. आर.पी. गुर्जर ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान परिदृश्य में वही विद्यार्थी सफल हो पाएंगे जिनके पास योग्यता और कुशलता होगी। सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों में कमी को देखते हुए उचित प्रशिक्षण और शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों की योग्यता बढ़ाने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्रों को इंग्लिश स्पीकिंग, इंटरव्यू स्किल्स, कम्युनिकेशन स्किल्स, कंप्यूटर नॉलेज, टीम बिल्डिंग और अन्य स्किल डेवलपमेंट के बारे में गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर मनोज सैनी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जो छात्राएं विभिन्न पदों के लिए पात्र होंगी, उन्हें महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह द्वारा प्लेसमेंट भी प्रदान किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए अब तक 40 से अधिक छात्राएं पंजीकृत हो चुकी हैं। यह शिविर 8 दिसंबर तक चलेगा, जिसके बाद चयनित छात्राओं को आगे का प्रशिक्षण और प्लेसमेंट दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रो. विमल कुमार यादव, प्रोफेसर ओम प्रकाश कपूरिया, प्रोफेसर डॉ. भावना चौधरी, डॉ. जगराम गुर्जर, डॉ. कमलेश यादव, प्रोफेसर प्रिया खंगरावत और प्रतिभा पोसवाल सहित कई प्राध्यापक और छात्राएं उपस्थित रहीं।


