राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में मंगलवार को सुरक्षा जवान और सुरक्षा सुपरवाइजर भर्ती कैंप का आयोजन किया गया। भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली और सिक्योरिटी स्किल काउंसलिंग इंडिया लिमिटेड, जयपुर के इस कैंप में 65 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 33 का चयन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। भर्ती अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने शारीरिक मापदंड और कौशल परीक्षण के आधार पर 33 योग्य युवाओं का चयन किया। चयनित युवाओं को आगे प्रशिक्षण और नियुक्ति प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। अगला भर्ती कैंप 3 दिसंबर को लगेगा कमांडेंट कपिल शर्मा ने बताया कि युवाओं में सुरक्षा सेवाओं को लेकर उत्साह बढ़ रहा है। रोजगार के अवसरों को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए अगला भर्ती कैंप 3 दिसंबर 2025 को जनपद पंचायत जीरापुर में आयोजित किया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगा। इस भर्ती में 10वीं और 12वीं पास युवा भाग ले सकेंगे। शारीरिक मापदंडों के साथ दस्तावेजों की जांच कर योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा क्षेत्र में बेहतर करियर अवसरों को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों से भी युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। आयोजकों ने इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि पर समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।


