मंदसौर में WOW ऐप से गांवों में सफाई शुरू:ग्रामीण कॉल से भी सर्विस बुक कर सकते, शौचालय साफ करवाने 50 रुपए लगेंगे

मंदसौर जिले में ग्रामीण स्वच्छता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मंदसौर जनपद की ग्राम पंचायत साबाखेड़ा में मंगलवार को “WOW– वॉश ऑन व्हील” मोबाइल स्वच्छता सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता साथी राकेश घारु ने शौचालय और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर की। क्या है WOW (Wash On Wheel)? WOW एक मोबाइल एप आधारित स्वच्छता सेवा मॉडल है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सफाई सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। इस सेवा के माध्यम से स्वच्छता साथी घर-घर पहुंचकर ये सेवाएं देना है- घरेलू शौचालय की सफाई। स्कूल और आंगनवाड़ी शौचालय सफाई। नालियों की सफाई। स्पॉट क्लीनिंग। सार्वजनिक स्थलों की सफाई। सेवा के रेट, सरकार से निर्धारित शुल्क – घरेलू शौचालय सफाई: ₹50 प्रति शौचालय। संस्थागत-सामुदायिक स्थलों की सफाई: ₹200 प्रति स्थान। इन दरों से स्वच्छता साथियों को नियमित एवं सम्मानजनक आय प्राप्त होगी, साथ ही पंचायत स्तर पर सफाई सेवाओं का बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता तय होगी। WOW सेवा का संचालन कैसे होता है? 1. ग्रामीण मोबाइल ऐप या फोन कॉल के माध्यम से सेवा बुक करते हैं। 2. अनुरोध सीधे स्वच्छता साथी को प्राप्त होता है। 3. साथी दोपहिया मोबाइल यूनिट के साथ स्थल पर पहुंचकर सफाई का कार्य करते हैं। 4. कार्य पूर्ण होने पर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज की जाती है। जिले में लागू होगी WOW सेवा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनुकूल जैन ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “WOW सेवा से अब ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी सफाई आवश्यकता को तत्काल पूरा किया जा सकेगा। यह पहल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाएगी।” इस तरह साबाखेड़ा पंचायत में शुरू हुई यह पहल ग्रामीण स्वच्छता को नया आयाम देगी और जिले में स्वच्छता प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *