भिंड के लहार में महात्मा ज्योतिबा फुले पर कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर ओबीसी महासभा ने कड़ा विरोध जताया है। महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लहार थाने पहुंचकर संत स्वामी आनंदस्वरूप के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की। लहार में ओबीसी महासभा के पदाधिकारी और समाजजन बड़ी संख्या में थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि संत स्वामी आनंदस्वरूप द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे महान समाज सुधारक के खिलाफ की गई टिप्पणी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। इसलिए इस प्रकरण में तत्काल FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। आवेदन देने वालों में जिला पंचायत उपाध्यक्ष नन्दराम बघेल, ओबीसी महासभा जिला अध्यक्ष एड. देवेंद्र सिंह कुशवाह, एड. गोपीलाल कुशवाह, जबर सिंह कुशवाह, विधानसभा अध्यक्ष सतेंद्र कुशवाह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।


