जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर घटिया निर्माण का आरोप:गोंडवाना गणतंत्र पार्टी राष्ट्रीय सचिव बोले-बिना निरीक्षण हो रहा काम; जांच की मांग

डिंडौरी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अमान सिंह ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग के शहपुरा से डिंडौरी तक के निर्माण कार्य में तकनीकी लापरवाही और गुणवत्ताहीनता का आरोप लगाया। कार्रवाई न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी यह ज्ञापन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम कलेक्टर को दिया गया, जिसमें कार्रवाई न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। राष्ट्रीय सचिव अमान सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि शहपुरा से डिंडौरी तक सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है और ठेकेदार मनमानी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सेंट्रल पीडब्ल्यूडी के विभागीय अधिकारी भी निरीक्षण के लिए नहीं आ रहे हैं। गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण के कारण ब्लैक स्पॉट बन रहे हैं सिंह ने बताया कि शहपुरा से डिंडोरी सड़क निर्माण का कार्य विधायक अभय मिश्रा के बेटे की कंपनी उदित इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को मिला हुआ है। गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण के कारण ब्लैक स्पॉट बन रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ठेकेदार पर फायदा कमाने का आरोप शिकायत में सड़क में चैंबर न बनाने, सुपर एलिवेशन में गलतियां, मोड़ों और पुलों पर स्थिरता प्रभावित होने, सड़क के कमजोर जोड़ और सतहों के निर्माण, जिससे उछाल पैदा हो रहे हैं, जैसे कई तकनीकी दोषों का उल्लेख किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बेस लेयर के अभाव में सीधे पुरानी सतह पर डामरीकरण किया जा रहा है। अमान सिंह ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ओरिजिनल ग्राउंड लेवल का गलत उपयोग कर फायदा कमा रहा है। कलेक्टर ने इस मामले में टीम गठित कर जांच करवाने का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *