अमरपुरा में संत शिरोमणि श्री लिखमीदास महाराज स्मारक विकास संस्थान द्वारा आयोजित 9वें पाटोत्सव के तीसरे दिन भक्त चरित्र कथा का आयोजन किया गया। यह पाटोत्सव संत के भव्य स्मारक व देव मंदिर के लोकार्पण की 9वीं वर्षगांठ पर छह दिन के लिए हो रहा हैं। जोधपुर के बड़ा रामद्वारा, सूरसागर के महंत डॉ. रामप्रसाद ने कथा सुनाई। उन्होंने संत लिखमीदास महाराज और संत घाटमदास महाराज के जीवन प्रसंगों पर बात की। डॉ. रामप्रसाद ने कहा कि भगवान सिर्फ भक्त की भक्ति के वश में रहते हैं, उसमें व्यक्ति के पद (दर्जे) या धन का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने अनेक भजनों के माध्यम से लोगों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विनयशीलता पर जोर देते हुए कहा कि सत्य बोलना और अच्छी संगति करना जीवन में सद्गुणों के विकास में सहायक है। परिवार व्यवस्था पर जताई चिंता कार्यक्रम में शिक्षाविद और गायिका संतोष मांजू ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने मातृशक्ति के रूप में महिलाओं से परिवार को मजबूत करने और पर्यावरण की रक्षा में सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत परिवार से ही मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। मांजू ने चिंता जताते हुए कहा कि आज दादी और नानी की कहानियों की जगह मोबाइल ने ले ली है। बच्चों की पहली गुरु माता होती है, लेकिन आज की भागदौड़ में मोबाइल के कारण बचपन छूट रहा है। उन्होंने परिवार में होने वाली आपसी कलह व संबंधों में दूरी को प्रदूषण बताया और इसे जल व वायु प्रदूषण से भी अधिक खतरनाक बताया। एकल परिवार और केवल एक बच्चे की नई सोच से पारिवारिक संबंध सीमित हो रहे हैं, जो समाज के लिए ठीक नहीं है। आचार्य पुरुषोत्तम दास महाराज आएंगे भक्त चरित्र कथा के अगले चरण में कल खेड़ापा राम धाम के आचार्य पुरुषोत्तम दास महाराज का सान्निध्य मिलेगा। बीजेपी के राजस्थान के पूर्व और वर्तमान तेलंगाना प्रांत संगठन मंत्री चंद्रशेखर भी इस पाटोत्सव में शामिल होंगे। वे स्मारक स्थल पर पूजन करेंगे और कथा सुनेंगे। उनके साथ बीजेपी हैदराबाद के कोषाध्यक्ष अविनाश देवड़ा भी मौजूद रहेंगे।


