अंजड़ श्याम मंदिर में दूसरा पाटोत्सव:हजारों भक्तों ने किए दर्शन, श्यामबाबा के अभिषेक के बाद हुआ कन्याभोज

बड़वानी जिले के अंजड़ नगर स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर में मंगलवार को दूसरा पाटोत्सव (स्थापना दिवस) महोत्सव भव्यता से मनाया गया। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी जनसमुदाय उमड़ा। करीब 15 हजार से अधिक भक्तों ने श्याम बाबा के दर्शन कर भोजन प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में 351 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन भी करवाया गया। आयोजन की शुरुआत मंगलवार सुबह 4 बजे हुई, जब पंडित बसंत शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्यामबाबा का पूजन-अर्चन किया। गाय के दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, इत्र और केसर से विधि-विधान पूर्वक अभिषेक संपन्न करवाया गया। इसके पश्चात गंगा और नर्मदा जल से श्यामबाबा को स्नान करवाया गया। मंदिर में स्थापित भगवान पशुपतिनाथ महादेव, श्री सालासर बालाजी, श्रीराम, श्रीकृष्ण दरबार और अंजनी माता का भी पूजन-अर्चन कर गंगा व नर्मदा जल से स्नान कराया गया। सेवादारों द्वारा श्याम बाबा को सुंदर वागा पहनाकर इत्र लगाया गया और देशी-विदेशी फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। सुबह 7:30 बजे मंगला आरती की गई। इसके बाद सुबह 11 बजे बारस की ज्योत प्रज्वलित कर आहुतियां प्रदान की गईं। श्यामबाबा को 56 प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग भी लगाया गया। शाम 5 बजे से भंडारा प्रसादी का वितरण शुरू हुआ। श्यामबाबा और सभी देवी-देवताओं को भंडारा प्रसादी में बनी मिक्स सब्जी, पूड़ी और नुक्तिदाने का भोग लगाकर भोग आरती की गई। इसके बाद 351 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाने के उपरांत आम भक्तों के लिए भंडारा प्रसादी शुरू की गई, जो देर रात तक चलती रही। दूसरे स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया था। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग और प्रांगण में उचित प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। साथ ही मंदिर के पीछे खेत में वाहनों के लिए उचित पार्किंग की व्यवस्था भी की गई थी। इस अवसर पर श्याम भक्तों, नगर के सभी सामाजिक व धार्मिक संगठनों का सराहनीय सहयोग रहा। नगर परिषद द्वारा मैदान और कॉलोनी की नालियों तथा झाड़ियों की साफ-सफाई कर जल का छिड़काव करवाया गया, वहीं पुलिस प्रशासन की भी चाक-चौबंद व्यवस्था रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *