भिंड के भटमासपुरा में NH-552 निर्माण रोका:सर्विस रोड की मांग पर अड़े ग्रामीण; कलेक्टर को आवेदन दिया

भिंड जिले में नेशनल हाईवे-552 के निर्माणाधीन बाईपास को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भटमासपुरा के ग्रामीणों ने सर्विस रोड की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सर्विस रोड न होने से उन्हें रोजाना कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। मामला मंगलवार को पुलिस थाने और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंच गया। नेशनल हाईवे-552 का एक्सटेंशन अटेर के मुरलीपुरा से शुरू होकर लहार रोड के बारहकला गांव के पास तक बन रहा है। करीब 21 किमी लंबे इस बाईपास पर 148.9 करोड़ रुपए की लागत खर्च की जा रही है। हाईवे पर करीब 8.20 किलोमीटर की चार सर्विस रोड पहले से तय हैं, लेकिन भटमासपुरा गांव के पास सर्विस रोड शामिल नहीं है। इसी को लेकर ग्रामीण नाराज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव से नजदीकी सर्विस रोड सालिनपुर में 3 किमी और शिवहरे पेट्रोल पंप-दबोहा पर लगभग 4 किमी दूर है। ऐसे में उन्हें हर बार हाईवे से आवागमन के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। किसानों ने यह भी आशंका जताई है कि खेतों तक पहुंचने में दिक्कतें होंगी और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ेगा। दो दिन पहले हाईवे निर्माण रुकवा दिया
इसी विरोध के चलते ग्रामीणों ने दो दिन पहले हाईवे निर्माण कार्य रुकवा दिया। निर्माण एजेंसी एसकेएस इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. ने इसकी शिकायत देहात थाना पुलिस को की थी। मंगलवार को ग्रामीण, कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी देहात थाने पहुंचे। यहां टीआई मुकेश शाक्य की मौजूदगी में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई। टीआई ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण यदि सर्विस रोड की मांग चाहते हैं, तो इसके लिए उन्हें हाईवे अथॉरिटी, निर्माण एजेंसी और भिंड कलेक्टर को लिखित रूप में आवेदन देना होगा। इसके बाद ही समाधान संभव है। ग्रामीणों ने इस सलाह को मानते हुए एसडीएम भिंड, कलेक्टर कार्यालय और देहात थाने में आवेदन जमा कर दिया है। भटमासपुरा सरपंच के पति अजीत शाक्य ने बताया कि ग्रामीण कई बार कंपनी कर्मचारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा के चलते गांव में आक्रोश है और विरोध दर्ज कराया गया है। वहीं कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों ने बिना लिखित मांग के काम रुकवाया है। जैसे ही उन्हें कोई आवेदन मिलेगा, उसे हाईवे अथॉरिटी तक भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य लेआउट के अनुसार ही चल रहा है और अथॉरिटी की अनुमति के बिना सर्विस रोड या मार्ग में बदलाव संभव नहीं है। नेशनल हाईवे-552 टोंक (राजस्थान) से शुरू होकर चिरगांव (उत्तर प्रदेश) तक जाएगा, जो अटेर, भिंड, उमरी, रौन और लहार होते हुए आगे बढ़ता है। इस बाईपास के आसपास रहाला, ग्वालियर रोड, मुरलीपुरा और धराई पर पहले से सर्विस रोड निर्धारित की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *