धीरेंद्र शास्त्री और रामभद्राचार्य पर फिर बरसे दामोदर यादव:कहा- ‘महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले संत नहीं; महारैली में चंद्रशेखर आजाद शामिल होंगे

ग्वालियर में आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा शिवपुरी की कथा में मुस्लिम महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी किए जाने को लेकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। यादव ने यह भी बताया कि 6 दिसंबर को दतिया जिले में ‘संविधान बचाओ महारैली’ आयोजित की जाएगी, जिसमें भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद भी शामिल होंगे। दामोदर यादव ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी कथाओं में देश की महिलाओं पर विवादित टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने शास्त्री के कथित बयानों का जिक्र किया, जैसे “मुस्लिम महिलाएं 30-30 बच्चे पैदा करती हैं” और “महिला की मांग खाली है तो समझो प्लॉट खाली है”। यादव ने सवाल उठाया कि इस तरह की शब्दावली का प्रयोग कोई संत कैसे कर सकता है। यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की प्रस्तावित ‘हिंदू एकता यात्रा’ को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पिछली बार वे कोर्ट जाने में देर कर गए थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा और वे यात्रा को रोकने का काम करेंगे। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के “जाति पाति की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई” वाले बयान पर भी सवाल उठाए। यादव ने पूछा कि क्या शास्त्री बुंदेलखंड के अपने गृह जिले छतरपुर में कुशवाहा समाज के व्यक्ति के साथ हुई जातिगत घटना के दोषियों के खिलाफ खड़े हो पाएंगे। उन्होंने शास्त्री के हिंदू एकता वाले बयान को ‘पाखंड’ करार दिया। जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर टिप्पणी करते हुए दामोदर यादव ने उन्हें ‘अक्ल का अंधा’ बताया। उन्होंने रामभद्राचार्य के कथित बयानों का उल्लेख किया, जैसे “मरे मुलायम, काशीराम, जोर से बोलो जय श्री राम” और पत्नी को लेकर “वंडरफुल इंस्ट्रूमेंट ऑफ एंजॉयमेंट”। यादव ने कहा कि ऐसे शब्द किसी संत के नहीं हो सकते और उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य सवाल के जवाब में, दामोदर यादव ने आईएएस संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण बेटियों पर की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे शब्द शोभा नहीं देते और वह उनके पक्ष में नहीं हैं। यादव ने वर्मा को इस तरह के बयान देने से बचने की सलाह दी। दामोदर यादव ने बताया कि 6 दिसंबर को डॉ भीमराव अंबेडकर परिनिर्माण दिवस के मौके पर दतिया जिले के इंदरगढ़ में संविधान बचाने के लिए विशाल रैली आयोजित की गई है, रैली को संबोधित करने के लिए भीम आर्मी चीफ आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *