सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व से सटे कोहका गांव में स्थित वनराज रिसॉर्ट द्वारा की गई अवैध कब्जा कार्रवाई मंगलवार को पूरी हुई। राजस्व अमले ने लगभग 9 एकड़ सरकारी भूमि पर फैले रिसॉर्ट के बाउंड्रीवाल, दो कार्टेज और अन्य अस्थायी-स्थायी निर्माण को तोड़कर भूमि को मुक्त कराया। यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। राजस्व टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई कुरई तहसीलदार सतीश चौधरी और नायब तहसीलदार दामोदर प्रसाद दुबे के नेतृत्व में 20 कोटवार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और पुलिस बल ने कार्रवाई में हिस्सा लिया। इस दौरान दो जेसीबी मशीनों की मदद से रिसॉर्ट द्वारा अवैध कब्जे किए गए हिस्सों को जमींदोज किया गया। ग्राम पंचायत कोहका और टुरिया के सरपंच-सचिव तथा क्षेत्रवासी भी मौके पर उपस्थित रहे। अन्य रिसॉर्ट का भी अतिक्रमण जांच में शामिल जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश सनोड़िया और ग्रामीणों की शिकायत के बाद पेंच इंटरनेशनल, रिजेंटा, स्टर्लिंग और तथास्तु रिसॉर्ट के अतिक्रमण की जांच की गई। इनमें से कुछ मामलों में टुरिया और कोहका में सरकारी भूमि पर तार फेंसिंग, विला और अन्य निर्माण पाए गए। कुरई तहसीलदार ने वनराज रिसॉर्ट का शेष अतिक्रमण बुधवार को हटाने का आदेश दिया है। अन्य रिसॉर्ट पर लंबित अपील के निपटान के बाद कार्रवाई की जाएगी। सरकारी भूमि पर किया अतिक्रमण वनराज रिसॉर्ट ने 1.25 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर विला और तार फेंसिंग कर कब्जा किया था। इसके अलावा 0.29 हेक्टेयर रास्ता मद की भूमि और 0.15 हेक्टेयर अन्य क्षेत्र का व्यवसायिक उपयोग किया गया था। तथास्तु, स्टर्लिंग और रिजेंटा रिसॉर्ट में भी छोटे पैमाने पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। कुरई तहसीलदार सतीश चौधरी ने बताया वनराज रिसॉर्ट का अवैध कब्जा हटा दिया गया है। शेष दो रिसॉर्ट का अतिक्रमण बुधवार को हटाया जाएगा। पेंच इंटरनेशनल और रिजेंटा रिसॉर्ट की अपील लंबित होने के कारण उनकी कार्रवाई बाद में की जाएगी। इस कार्रवाई से पेंच टाइगर रिजर्व से सटी सरकारी भूमि को बचाने में सफलता मिली है।


