गुजरात में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ कर सांचौर के एक दंपती को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने अहमदाबाद के वाडज इलाके में ये कार्रवाई की है। 35.77 लाख की ड्रग्स बरामद
अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच के एसीपी भरत पटेल ने बताया- अहमदाबाद के वाडज इलाके में अखबार नगर सर्किल के पास एक किराए के मकान से राजस्थान के सांचौर निवासी कमलेश बिश्नोई (28) और उसकी पत्नी राजेश्वरी बिश्नोई (24) को गिरफ्तार किया। उनके पास से 357 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35.77 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने बताया-घर की तलाशी के दौरान एमडी ड्रग्स के अलावा डिजिटल वजन मशीन, प्लास्टिक जिप बैग और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली। आशंका है कि मकान में लंबे समय से ड्रग्स सप्लाई के ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल हो रहा था। सांचौर में बैठा ममेरा भाई मास्टरमाइंड
पुलिस ने बताया-जांच में सामने आया कि युवक कमलेश बिश्नोई (28) पिछले 4 साल से अहमदाबाद में काम कर रहा है। उसकी पत्नी राजेश्वरी शादी के बाद एक साल से उसके पास यहां रह रही है। राजेश्वरी के मामा के बेटे सुभाष गोदारा निवासी कांटोल (सांचौर) ने लालच दिया कि एमडी ड्रग्स को गुजरात ले जाने पर उन्हें काफी मुनाफा मिलेगा। पिछले पांच महीनों में वह चार से पांच बार राजस्थान से अहमदाबाद एमडी ड्रग्स लेकर आई और यहां के स्थानीय पैडलर्स को सप्लाई करती रही। यूपी के लखनऊ से लेकर आता था ड्रग्स
जांच में सामने आया है कि सुभाष कई अन्य लोगों को भी माल सप्लाई करता है। जिसे वह उत्तरप्रदेश के लखनऊ से लेकर आता है। इसे पहले राजस्थान और फिर गुजरात लेकर आया जाता है। राजेश्वरी ने बी.एड तक की पढ़ाई की है। दोनों दंपती का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामा के बेटे के कहने पर ही राजेश्वरी इसमें जुड़ी थी। रिश्तेदार होने की वजह से वह बिना पैसे के ड्रग्स देता था। बेचे जाने के बाद पैसे दिए जाते थे। मुख्य आरोपी सुभाष गोदारा फरार
फिलहाल, मुख्य आरोपी सुभाष गोदारा फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है। क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह ड्रग्स नेटवर्क उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात तक फैला हुआ है। ड्रग्स की सोर्सिंग लखनऊ से होती थी, जिसे राजस्थान के सांचौर पहुंचाया जाता था। वहां से इसे अहमदाबाद और गुजरात के अन्य सप्लायरों तक भेजा जाता था। क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार दंपती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। …………. यह भी पढ़ें राजस्थान के छोटे से गांव से चल रहा इंटरनेशनल ड्रग्स-नेटवर्क:फैक्ट्रियों में तैयार हो रही MD-ड्रग, 1500 की अफीम 1.5 लाख में खरीदकर हवाला से करते पेमेंट राजस्थान के छोटे से गांव में ड्रग्स का इंटरनेशनल कारोबार चल रहा है। MD ड्रग्स बनाने के लिए तस्करों ने अलग-अलग स्टेट में अपनी फैक्ट्रियां तक लगा लीं। लग्जरी कारों से देशभर में यह ड्रग सप्लाई किया जा रहा है। अफीम किसानों को 1500 रुपए की अफीम के डेढ़ लाख रुपए तक दिए जा रहे हैं। इस सारे खेल में पैसों का लेन-देन हवाला के जरिए होता है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


