मैहर पुलिस ने मां शारदा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले छह दलालों को पकड़कर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक, कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि बाहर से मां शारदा के दर्शन के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, उन्हें रास्ते में जगह-जगह रोक कर कुछ दलाल इस बात का दबाव बनाते हैं कि उनकी बताई दुकान से प्रसाद लेने पर उन्हें वीआईपी दर्शन कराएंगे। श्रद्धालु यदि नहीं मानते थे तो उन्हें परेशान किया जाता है। शिकायत के बाद टीआई अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में देवी जी पुलिस चौकी के बल ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए मो. आरिफ (21 वर्ष) निवासी कटरा बाजार, तिलक कुमार गुप्ता (35 वर्ष) निवासी अरकंडी, विजय त्रिपाठी (38 वर्ष) निवासी लटागांव बदेरा, प्रियांशु दाहिया (20 वर्ष) निवासी हरदुआ, कृष्णा बुनकर (18 वर्ष) निवासी नरोरा एवं अमित गुप्ता (19 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर मैहर उपजेल भेजा है।


